जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर का चुनाव कराने के लिए शुक्रवार को एल्डर कमेटी की बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची तैयार करने के साथ मतदान कराने के लिए जरूरी प्रस्ताव पारित किया गया। एल्डर कमेटी ने 21 दिसंबर को बार का चुनाव कराने का सुझाव दिया है। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष जगदीश नागर का कहना है कि बार की ओर से चार दिसंबर तक मतदाता सूची एल्डर कमेटी को सौंप दी जाएगी। इससे पहले तीन दिसंबर तक मतदाता सूची में जो गड़बड़ी होंगी उसे सही किया जाएगा। इसके बाद 16 दिसंबर को नामांकन की प्रक्रिया होगी। 17 दिसंबर को तीन बजे तक बार का चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले जा सकेंगे। इसके बाद प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। फिर 21 दिसंबर को सुबह 9 बजे से शाम पांच बजे तक मतदाता होगा। मतदान की प्रकिया बार एसोसिएशन के बैलेट पेपर से कराएं जाएंगे। मतदान के दौरान मोबाइल को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रखा जाएगा। मतदाता अपने साथ मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। अगर कोई मतदाता धोखे से भी मतदान के दौरान अपने साथ मोबाइल ले गया तो उसका मत रद किया जाएगा। मतदान के करीब आधे घंटे बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी।