ग्रेनो वेस्ट स्थित देव साई स्पोर्ट्स होम सोसायटी में बुधवार रात करीब 12:30 बजे शार्ट सर्किट की वजह से एक फ्लैट की बालकनी में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। निवासियों का कहना है कि अचानक आग लगने की सूचना मिलते ही सोसायटी के निवासी और गार्ड सक्रिय हो गए। फ्लैट में मौजूद लोगों ने बाहर आकर अपनी जान बचाई। उन्होंने तुरंत सोसायटी में लगे फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस दौरान बालकनी में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग बुझने तक आसपास के फ्लैट में दहशत का माहौल रहा। आग की लपटे दूर तक देखी गई। आग बुझने के दौरान फ्लैट में धुआंं निकलने में काफी समय लगा। ईकोटेक-3 के फायर स्टेशन ऑफिसर (एफएसओ) अजय कुमार ने बताया कि सूचना पर दमकल विभाग की एक गाड़ी भी मौके पर रवाना की थी, लेकिन तब तक आग बुझाई जा चुकी थी। आग बालकनी तक ही सीमित रही और समय रहते काबू पा लिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग में कोई जनहानि नहीं हुई है।