ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-6 के उद्यमी 10 वर्ष से मूलभूत सुविधा मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि आवंटन के समय प्राधिकरण ने पानी, कूड़ा आदि की सभी सुविधाओं का शुल्क ले लिया, लेकिन अब तक मूलभूत सुविधा नहीं दी हैं। जिस कारण उद्यमी परेशान हैं। सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था भी अच्छी नहीं हैं। बार-बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में से शिकायत कर रहे है, लेकिन किसी भी स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा हैं। अमर उजाला ने बृहस्पतिवार को औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-6 में उद्यमी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। संवाद कार्यक्रम में उद्यमियों ने सेक्टर की समस्याओं को रखा। कहा कि सेक्टर का आवंटन वर्ष 2015 में हुआ था। यहां दो ब्लॉक में कीब 200 भूखंड हैं। जो आए दिन मूलभूत सुविधा नहीं होने पर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उद्यमियों ने बताया कि सेक्टर के ए ब्लॉक में स्ट्रीट लाइटें लगी हैं, लेकिन ज्यादातर खराब हैं। वहीं, बी ब्लॉक में अब तक स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं। बी ब्लॉक के सीवर भी चोक रहते हैं। कई बार शिकायत की पर समाधान नहीं हो रहा हैं। सेक्टर की चहारदीवारी नहीं हैं। किसी भी तरफ से लोग आ जा सकते हैं। इस कारण आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। पानी निकासी की भी उचित व्यवस्था नहीं हैं। साफ-सफाई भी नहीं होती हैं। उद्यमी स्वयं अपने-अपने उद्योगों के सामने साफ सफाई करवा रहे हैं।