नोएडा के फेज-2 होजरी कॉम्प्लेक्स में सैकड़ों कर्मचारी वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर तीसरे दिन भी सड़क पर हंगामा जारी रहा। बीते शुक्रवार को न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग ने अचानक उग्र रूप ले लिया, जब चार सौ से अधिक कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। शांतिपूर्ण विरोध के तौर पर शुरू हुआ प्रदर्शन जल्द ही हंगामे में बदल गया। कर्मचारियों ने सूरजपुर-दादरी रोड पर बैठकर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस के समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। हालात तब और बिगड़ गए जब भीड़ ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बावजूद गुस्साई भीड़ काबू में नहीं आई और सड़क का एक हिस्सा शाम छह बजे तक जाम रहा, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।