जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होना है। प्रधानमंत्री यहां पर जनसभा भी करेंगे। जनसभा की तैयारियों को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन के महामंत्री धर्मपाल मंगलवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पर उन्होंने जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया। जिसके बाद जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ उनकी बैठक शुरू हुई है। प्रदेश अध्यक्ष की बैठक में सांसद डॉ महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा समेत विभिन्न पदाधिकारी मौजूद हैं, जिनसे जनसभा की तैयारियों को लेकर समीक्षा की जा रही है। सूत्रों के अनुसार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जनसभा में उमड़ने वाली आमजनों की भीड़ और उनके प्रबंधन को लेकर पदाधिकारियों से समीक्षा बैठक कर रहे हैं। इसमें प्रधानमंत्री की जनसभा को पूरी तरह से सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बूथ स्तर के पदाधिकारी भी पूरी क्षमता के साथ जनसभा की तैयारियों में जुट जाएं और 28 मार्च को होने वाले इस कार्यक्रम को सफल बनाएं।