किसानों की मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सैंकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टरों में सवार होकर जुलूस के रूप में पहुंचे। मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के नाम दो ज्ञापन दिये गए। किसानों के प्रदर्शन को लेकर कलेक्ट्रेट में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। भारतीय किसान यूनियन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पवन खटाना के नेतृत्व में पदाधिकारी और किसान नॉलेज पार्क में मैट्रो स्टेशन के नजदीक एकत्र हुए। वहां से ट्रैक्टर में सवार होकर नारे लगाते हुए परी चौक, जगत फार्म, एलजी गोल चक्कर से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट के बाहर ही किसानों के ट्रैक्टरों को पुलिस ने रोक दिया। वहां से किसान जुलूस के रूप में परिसर में धरना स्थल पर पहुंचे। किसानों का संबोधित करते हुए पवन खटाना ने कहा कि 10 फीसदी आबादी का भूखंड देने समेत मांगों को पूरा करने के लिए कई बार आश्वासन मिलते रहे है। उनको पूरा नहीं किया गया है। उनको लेकर ही प्रदर्शन किया है। अगर उनके मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा आंदोलन चलाया जाएगा। किसानों ने जमीन अधिग्रहण के दौरान मुआवजा देने, 10 फीसदी भूखंड देने, सर्किल रेट बढ़ाने, आबादी के मामला का निस्तारण करने, जिले के गांवों में श्मशान घाट का निर्माण कराने समेत मांगे की है। किसानों के आंदोलन के चलते कलेक्ट्रेट परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। वाहनों को कलेक्ट्रेट से 100 मीटर दूर की रोक दिया गया।