भाई दूज पर बुधवार सुबह से ही बस अड्डों और सड़कों पर यात्रियों की भीड़ रही। लोग अपने घरों और रिश्तेदारों के पास जाने के लिए बसों में जगह पाने को आतुर नजर आए। नोएडा परिवहन विभाग ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाईं ताकि किसी को परेशानी न हो। नोएडा से दिल्ली, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा और मथुरा जाने वाली रोडवेज और निगम की बसों में भारी भीड़ देखी गई। सेक्टर-35 बस स्टैंड और बॉटनिकल गार्डन से रवाना होने वाली बसों में सीटें पूरी तरह भर चुकी थीं। कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पर्व पर यात्रियों की संख्या करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। इस बार निगम ने विशेष इंतजाम करते हुए 50 से अधिक अतिरिक्त बसें चलाई हैं ताकि महिलाएं और बुजुर्गों को किसी तरह की दिक्कत न हो।