गौतमबुद्ध नगर जिले में कर्मचारियों ने उच्च वेतन पर पेंशन के लिए ईपीएफओ को मिले आवेदनों के बाद अब उनका स्पष्टीकरण देने के लिए 31 जनवरी तक अपने दस्तावेज जमा करने का समय निर्धारित किया गया है। इसको लेकर अधिकारियों ने अपील की है कि सभी कर्मचारी अपनी कंपनियों की आपसी सहमति से जल्द दस्तावेज जमा कर दें। साथ ही जिनके पास पीएफ कार्यालय से डिमांड लेटर गया है वह भी जल्द से जल्द कार्यालय से संपर्क कर दस्तावेज जमा कर दें। सेक्टर 24 स्थित गौतम बुद्ध नगर जिले के कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 17 हजार से अधिक लोगों ने उच्च वेतन पर पेंशन यानी पेंशन ऑन हॉयर वेजेस के लिए पीएफ कार्यालय में आवेदन दे चुके हैं। इनकी सत्यता की जांच की जा रही है। इसके लिए कर्मचारियों को अपने जरूरी दस्तावेज ( सैलरी की जानकारी) कार्यालय में जमा करने हैं। संगठन ने 31 जनवरी तक दस्तावेज जमा करने का समय निर्धारित किया है। अधिकारियों ने बताया कि नोएडा में कर्मचारियों के दस्तावेज न मिलने के कारण फिलहाल यह कार्य धीमी गति से चल रहा है। इसके लिए कई बार रिमाइंडर भेजा जा चुका है।