नोएडा सेक्टर 92 में रविवार को अमर उजाला संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान सेक्टर निवासियों ने सेक्टर से संबंधित समस्याओं को अमर उजाला के माध्यम से सामने रखा। निवासियों ने बताया कि सेक्टर से लगा हुआ बायोडायवर्सिटी पार्क है और इस पार्क से लगा हुआ एक अंतिम निवास स्थल है। यहां से बहुत लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं लेकिन रेजिडेंशियल एरिया के पास अंतिम निवास स्थल होना ठीक नहीं है, क्योंकि यह सेक्टर से महज 20 मीटर की दूरी पर स्थिति है। संवाद के दौरान निवासियों ने बताया कि सेक्टर से कुछ दूरी पर सेक्टर 83 में भी एक अंतिम निवास स्थल बना है। यहां पर नोएडा प्राधिकरण ही देखरेख करता है। यदि संभव है तो नोएडा प्राधिकरण को दोनों अंतिम निवास स्थल को एक साथ मर्ज कर देना चाहिए, क्योंकि यह दोनों अंतिम निवास स्थल करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में बने हैं। निवासियों का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने शासन, प्रशासन से पत्राचार किया है लेकिन कोई हल नहीं निकला है। इसके अलावा सेक्टर में अन्य समस्याएं भी बनी हुई हैं। सर्विस रोड के पास बने घरों की सुरक्षा के लिए एक दीवार या तार फेंसिंग की जरूरत है। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट भी लगाई जानी चाहिए।