नोएडा सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को अमर उजाला की ओर से जूनियर शतरंज प्रतियोगिता-2025 में छात्रों ने ऐसी बाजियां खेलीं कि हर मैच मानो रोमांच से भरा हुआ नजर आया। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक चले इस मुकाबले में कुल 68 विद्यार्थियों ने दिमागी चालों की धूम मचा दी। इसमें 6वीं से 12वीं तक के छात्रों ने अपने तेज दिमाग और संयम का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने निर्णायकों को भी प्रभावित किया। साथ ही, सेक्टर-11 स्थित मॉडर्न स्कूल में भी शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 180 छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता का फाइनल शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष की प्रतियोगिता दो आयु वर्गों 5 से 12 वर्ष (जूनियर) और 13 से 18 वर्ष (सीनियर) में विभाजित की गई है। प्रत्येक मैच के लिए 15-15 मिनट का समय निर्धारित था, जबकि टाई की स्थिति में 5 मिनट अतिरिक्त दिए गए। मुकाबले चार राउंड तक चले, और जैसे-जैसे हर राउंड आगे बढ़ा, खेल का रोमांच भी कई गुना बढ़ता गया। कुछ मैच इतने नज़दीकी रहे कि जीत-हार एक सही मूव और चंद सेकंडों से तय हुई।