नोएडा औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर- 68 में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। यहां पार्किंग, सुरक्षा के साथ साफ-सफाई की भी समुचित व्यवस्था नहीं हैं। यहां इंडस्ट्री चलाने वाले उद्यमियों को निजी एजेंसी से साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए सहयोग लेना पड़ रहा है। सेक्टर-68 के ए ब्लॉक स्थित ए-वन कंटेनर कंपनी में आयोजित एनईए-अमर उजाला इंडस्ट्री संवाद कार्यक्रम में जिले के उद्यमियों का दर्द झलका। जिसमें उन्होंने कहा कि जिस देश में पीएम स्वच्छता के लिए मुहिम चला रखी है, उसी की राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा में सफाई की व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। इस मामले में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम का कहना है कि औद्योगिक सेक्टर में साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। लापरवाही बरतने वाली एजेंसी व संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अमर उजाला के इंडस्ट्री संवाद कार्यक्रम में सेक्टर-68 के अलावा अन्य सेक्टरों में भी साफ सफाई नहीं हो रही है।