ग्रेनो वेस्ट स्थित विक्ट्री सेंट्रल वन सोसाइटी में रविवार को आयोजित अमर उजाला संवाद में निवासियों ने रजिस्ट्री, लिफ्ट, पार्किंग, क्लब, सुरक्षा सहित कई मुद्दों को बेबाकी से उठाया। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर व ग्रेनो प्राधिकरण के अधिकारी उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए कोई कार्य नहीं कर रहे हैं। निवासियों ने बताया कि बिना ओसी के पजेशन दे दिया गया, लेकिन सोसाइटी में कोई सुविधा नहीं है। हर टॉवर में एक ही लिफ्ट का संचालन किया जा रहा है। एक लिफ्ट में अब तक केवल पोस्टर ही चिपका है। लिफ्ट के खराब हो जाने के बाद लोगों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ता है। कई दिन तक लिफ्ट नहीं चलती है। सोसाइटी के अंदर व बाहर आने जाने वाले गेट की हालात खराब है। कई बार बिल्डर से इसे सही कराने के लिए कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।