एलजी गोल चक्कर के पास शुक्रवार को एक चलती कार में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने समय रहते आग पर काबू पाया। गनीमत रही है कि कार में आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। जानकारी के मुताबिक हुंडई सेंट्रो (सीएनजी) कार का चालक दोपहर को एलजी गोल चक्कर के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। चालक ने किसी तरह बाहर आकर जान बचाई। वहीं कार में आग लगी देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर सर्विस यूनिट ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। एक दमकल गाड़ी की सहायता से आग को पूरी तरह बुझाया गया। आग पर समय रहते काबू पाने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका है कि तकनीकी खराबी के कारण आग लगी है।