गौतमबुद्ध नगर के करीब 104 केंद्रों पर बुधवार को परख परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परख परीक्षा से पहले विभाग के अधिकारियों ने बैठक की। डायट प्राचार्य राज सिंह यादव ने बताया कि छात्रों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने वाली परख परीक्षा 4 दिसंबर को होगी। कक्षा 3, 6 और 9 के लिए अलग-अलग विषयों को मूल्यांकन का आधार बनाया गया है। कक्षा तीन के छात्रों की ओएमआर शीट शिक्षकों की ओर से भरी जाएगी। करीब 3500 छात्र परीक्षा में बैठेंगे। प्रार्थना सभा में ही फील्ड इंवेस्टिगेटर स्कूल पहुंच जाएंगे। उन्होंने बताया कि कक्षा 3 और 6 के लिए भाषा, गणित और हमारे आस-पास की दुनिया तथा कक्षा-9 के लिए भाषा, गणित, सामाजिक विज्ञान और विज्ञान को सर्वेक्षण का आधार बनाया गया है। परीक्षा में परिषदीय, सरकारी और सीबीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूल शामिल होंगे। इस परीक्षा से शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों का मूल्यांकन होगा।