गुरुग्राम में अग्रसेन चौक स्थित ऐतिहासिक सदर बाजार जो करीब 150 वर्ष पुराना माना जाता है, आज भी कई मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में शामिल इस बाजार में लगभग 1200 से अधिक दुकानें हैं और यहां रोजाना दो लाख से अधिक लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। बाजार में छोटे से लेकर बड़े सामान तक लगभग हर प्रकार की वस्तु उपलब्ध है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार की व्यावसायिक महत्ता के बावजूद यहां सार्वजनिक शौचालय, महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती, रात के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था जैसी सुविधाओं का अभाव है। बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन कई कैमरे अभी तक पूरी तरह से संचालित नहीं हो पाए हैं।