गुुरुग्राम साइबर सिटी के ताऊ देवी लाल पार्क सेक्टर- 22, वायु सेना स्टेशन, पुरानी दिल्ली रोड और सनथ रोड की ग्रीन बेल्ट के पौधे सीवर शोधित पानी से हराभरा होंगे। इसके लिए सेक्टर 14 से सेक्टर 22 तक पाइप लाइन डाली जा रही है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण सीवर शोधित पानी का प्रयोग ग्रीन बेल्ट और पार्काें के साथ कामर्शियल प्रयोग पर जोर दे रहा है। जीएमडीए ने पुरानी दिल्ली रोड, सनथ रोड, ताऊ देवी लाल पार्क सेक्टर- 22 और वायु सेना स्टेशन में सीवर शोधित पानी की आपूर्ति के लिए पंपिंग मशीनरी और मुख्य वितरण रिसाइकिल पाइप लाइन के साथ भूमिगत टैंक के निर्माण कराने जा रहा है। एक अंडरग्राउंड टैंक नेताजी सुभाष पार्क और दूसरा ताऊ देवीलाल पार्क बनेगा। 250 एमएमऔर 100 एमएम की पाइप डाली जा रही है। बहरामपुर से सीवर शोधित संयंत्र से पानी की मास्टर लाइन एमडीआई चौक के पास तक है।