संवाद न्यूज एजेंसी मानेसर। नगर निगम मानेसर के सेक्टर 79 में सड़क पर जमा मिट्टी और उड़ती धूल लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। सड़क से गुजरने वाले वाहनों के कारण हर समय धूल का गुबार उड़ता रहता है। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और आसपास का वातावरण भी प्रदूषित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या की शिकायत कई बार नगर निगम से की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सेक्टर के लोगों ने बताया कि करीब एक साल से गांव की मुख्य सड़क की हालत खराब है। सबसे ज्यादा गंभीर हालत जय भारती स्कूल के सामने सड़क पर जगह-जगह मिट्टी जमा होने के कारण हल्के वाहन हों या भारी वाहन, सभी के गुजरते ही धूल का गुबार उठने लगता है। सड़क किनारे रहने वाले लोगों और दुकानदारों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। घरों और दुकानों में भी हर समय धूल जमा रहती है।