गुरुग्राम। जिले में डाकघर की मंथली इनकम स्कीम (एमआईएस) लोगों को काफी पसंद आ रही है। सुरक्षित निवेश और हर महीने निश्चित ब्याज मिलने के कारण लोग इस योजना की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। जून माह में जिले के करीब 700 लोगों ने इस योजना में निवेश किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में निवेशकों की संख्या लगभग आधी थी। डाक विभाग के अधिकारियों के अनुसार पिछले एक वर्ष में इस योजना के प्रति लोगों का रुझान काफी बढ़ा है। डाकघर की मंथली इनकम स्कीम खास तौर पर वरिष्ठ नागरिकों, गृहिणियों और ऐसे लोगों के लिए लाभदायक मानी जा रही है, जो बिना जोखिम के नियमित मासिक आय चाहते हैं। बैंक जमा योजनाओं की तुलना में इस योजना में सरकार की गारंटी होने के कारण लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।