गुरुग्राम सेक्टर-10 स्थित जीएमसीबीएल बस डिपो में चार्जिंग स्टेशन बनाने में धरातल पर कार्य नहीं हो रहा। चार्जिंग स्टेशन बनने में कितना समय लगेगा, इसके बारे में अधिकारी भी कोई जवाब नहीं दे रहे। अधिकारियों की माने तो इलेक्ट्रिक बसों को लेकर सरकार की ओर से कोई नोटिफिकेशन नहीं आया है। डिपो को 200 इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली से पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से भेजी जानी हैं। अभी दिल्ली से इलेक्ट्रिक बसें भेजने को लेकर काेई सूचना जारी नहीं हुई है। गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के सेक्टर-10 स्थित बस डिपो में बनने वाले चार्जिंग स्टेशन में इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने के लिए 60 से अधिक पॉइंट लगाए जाएंगे। पांच एमवीए क्षमता के बिजली कनेक्शन की केबल सेक्टर-9 के बिजली स्टेशन से बस डिपो तक बिछाई जा चुकी है। इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए जीएमसीबीएल की ओर से कई माह पहले टेंडर जारी किया गया था, लेकिन अब इस कार्य को बीच में रुकवाया गया है। पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से जीएमसीबीएल को 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं। वहीं, 300 इलेक्ट्रिक बसें गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से खरीदने की योजना है। अक्तूबर तक आनी थी इलेक्ट्रिक बसें योजना के अनुसार अक्तूबर माह तक 200 इलेक्ट्रिक बसें आने और सेक्टर-10 स्थित बस डिपो में चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना की। इलेक्ट्रिक बसें नहीं मिलने के कारण चार्जिंग स्टेशन बनाने का मामला लंबित होता जा रहा है। सेक्टर-10 बस डिपो में 11 केवी के तीन कम्पेक्ट सब स्टेशन पहुंच चुके हैं। सेक्टर-9 से चार्जिंग स्टेशन के लिए बिजली कनेक्शन की लाइन बिछाई जा चुकी है, लेकिन अभी कनेक्शन शुरू नहीं किया गया है। 145 सिटी बसों का किया जा रहा संचालन जीएमसीबीएल की ओर से गुरुग्राम में लगभग 23 रूटों पर 145 गुरुगमन सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। ये सभी बसें सीएनजी से चलती हैं। गुरुग्राम की जनसंख्या की अपेक्षा सिटी बसों की संख्या काफी कम हैं। ऐसे में जीएमसीबीएल ने प्रदेश सरकार के समक्ष बसों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी है। गुरुग्राम में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होने से पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। इलेक्ट्रिक बसों के लिए दिल्ली से पीएम ई-बस सेवा की ओर से अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। चार्जिंग स्टेशन बनाने कार्य को बीच में ही रोका गया है। इलेक्ट्रिक बसें आने की पुष्टि होने के बाद चार्जिंग स्टेशन बनाने का कार्य दोबारा शुरू करवाया जाएगा। - राजीव नागपाल, मैनेजर, सेक्टर-10 बस डिपो, जीएमसीबीएल।