गुरुग्राम। हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों द्वारा फार्म-6 जमा करने की प्रक्रिया को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। विभाग ने एक बार फिर अंतिम तारीख बढ़ाते हुए अब स्कूलों को 21 अप्रैल 2026 तक का समय दिया है, ताकि वे पोर्टल पर अपनी फीस से संबंधित सभी जानकारी अपडेट कर सकें। विभाग के अनुसार, पहले भी समय सीमा बढ़ाई जा चुकी थी, इसके बावजूद कई स्कूल अभी तक फार्म-6 जमा नहीं कर पाए हैं। जिले में भी अधिकांश स्कूलों ने निर्देशों का पालन करते हुए फार्म-6 जमा कर दिया है, लेकिन कुछ स्कूल अब भी लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे स्कूलों को विभाग ने अंतिम चेतावनी देते हुए 7 दिन का आखिरी मौका दिया है, ताकि वे अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकें। शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि यह अंतिम अवसर है और इसके बाद किसी भी प्रकार की छूट या समय नहीं दिया जाएगा।