गुरुग्राम शहर के मुख्य बस अड्डा से गांवों में जाने वाली रोडवेज बसों की एचआर एप (हरियाणा रोडवेज) पर लाइव लोकेशन मिलेगी। परिवहन विभाग एचआर एप को अपडेट कर रहा है। पहले चरण में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होने वाली रोडवेज बसों की लाइव लोकेशन ट्रेस की जाएगी। डिपो प्रबंधन की ओर से ग्रामीण रूटों पर बने स्टॉपेज वाइज गूगल कोड को परिवहन विभाग के मुख्यालय भेजा जा रहा है। इन कोड को विभाग के पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। जिसके बाद रूट पर आने वाली बस के बारे में सही लाइव लोकेशन मिलेगी। एप को जुलाई माह के अंत तक अपडेट होने की उम्मीद है।