दिल्ली-जयपुर हाईवे समेत गुरुग्राम के विभिन्न टोल प्लाजा से रोजाना गुजरने वाले हजारों स्थानीय वाहन चालकों को आने वाले समय में बड़ी राहत मिल सकती है। केंद्र सरकार टोल संग्रह व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ-साथ स्थानीय निवासियों के लिए डिजिटल ई-पास सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को बार-बार टोल टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा। यहां के बहुत निवासी अपने दैनिक दिनचर्या में प्रतिदिन घामड़ौज टोल प्लाज, खेरकी दौला टोल प्लाजा, गुरुग्राम-फरीदाबाद टोल प्लाजा (बंधवाड़ी) और दिल्ली-जयपुर हाइवे टोल प्लाजा से आवजाही करते हैं। इस दौरान लोगों को बार-बार टोल शुल्क देने की समस्या का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित डिजिटल ई-पास व्यवस्था होने से स्थानीय वाहन चालकों को इस विशेष सुविधा का लाभ मिल पाएगा। यह ई-पास सीधे फास्टैग से जुड़ा होगा जिससे टोल प्लाजा पर भुगतान और पहचान की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो जाएगी।