गुरुग्राम सेक्टर-52 स्थित आरडी सिटी के एक स्थानीय पार्क में नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पार्क के भीतर वर्षा जल संचयन पिट बनाने के लिए खोदे गए करीब 12.5 फीट के गहरे गड्ढे में मंगलवार शाम दो बच्चे गिर गए। हालिया बारिश के कारण यह गड्ढा पानी से लबालब भरा हुआ था। गनीमत रही कि पार्क के बाहर एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जब पार्क में बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान करीब 12 वर्ष का एक बच्चा अचानक गहरे गड्ढे में जा गिरा। उसे डूबता देख उसका दोस्त भी उसे बचाने के चक्कर में गड्ढे में गिर गया। दोनों बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पास के मकान में निर्माण का काम कर रहे मजदूर दौड़कर मौके पर पहुंचे।