हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना के तहत आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के परिणाम घोषित कर दिए गए। प्रदर्शनी में जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने-अपने मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, अंतरिक्ष विज्ञान, वेस्ट मैनेजमेंट, सस्टेनेबल एग्रीकल्चर, हेल्थ एंड हाइजीन और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी जैसे विषयों को शामिल किया गया। प्रत्येक थीम में प्रथम और द्वितीय स्थान के लिए विद्यार्थियों का चयन किया गया। जिले के बादशाहपुर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में जिले भर से 34 टीमों ने भाग लिया, जिनमें हर ब्लॉक से 14 विद्यार्थी शामिल हुए। सस्टेनेबल एग्रीकल्चर थीम में गरिमा ने प्रथम स्थान जबकि कनिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस थीम में साक्षी प्रथम और एंजल द्वितीय स्थान पर रहीं। वेस्ट मैनेजमेंट थीम में मनीष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विशु ने द्वितीय स्थान हासिल किया। स्पेस साइंस थीम में हर्षित शर्मा प्रथम और शुभम द्वितीय स्थान पर रहे। रोबोटिक्स थीम में योगिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं साक्षी मलिक को द्वितीय स्थान मिला। इसी प्रकार इमर्जिंग टेक्नोलॉजी थीम में अमन रॉय प्रथम और काजल द्वितीय स्थान पर रहीं। समग्र शिक्षा विभाग से दिनेश गुलिया ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आगामी राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।