शहर में बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल सकी। मंगलवार की देर रात कई इलाकों में बूंदाबांदी के बावजूद दोपहर के समय उमस इतनी बढ़ गई कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। चिपचिपी गर्मी के कारण लोग परेशान नजर आए। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में नमी अधिक होने के कारण पसीना सूख नहीं रहा था, जिससे लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे उमस और बढ़ गई।