गुरुग्राम में कांवड़ यात्रा के दौरान 9 अगस्त से 11 अगस्त तक भारी वाहनों के संचालन को लेकर पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। जिसके तहत भारी वाहनों को द्वारका एक्सप्रेसवे व केएमपी एक्सप्रेसवे से संचालित किया जाएगा। कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-जयपुर हाईवे सहित जिले के अन्य मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए भारी वाहनों के चालकों को अन्य रास्तों का प्रयोग करने के निर्देश दिए हैं। जिससे जिले में पैदल कांवड़ियों के साथ ही डाक कांवड़ियों का सुरक्षित आवागमन हो सके। सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अभिलक्ष जोशी ने दिल्ली से गुरुग्राम के रास्ते राजस्थान, झज्जर, रेवाड़ी, पटौदी, नूंह व फरीदाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए एडवाइजारी जारी की है। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त से 11 अगस्त तक इन रास्तों पर जाने वाले भारी वाहनों को मुख्य मार्गों के बजाय द्वारका एक्सप्रेसवे और केएमपी एक्सप्रेसवे का प्रयोग करना होगा। उन्होंने भारी वाहन चालकों व ट्रांसपोर्ट संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात पुलिस द्वारा मौके पर दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें। यह व्यवस्था कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्य मार्गों पर यातायात को सुचारू बनाए रखने और कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई है।