न्यू गुरुग्राम सेक्टर-112 स्थित जारा रोसा सोसाइटी के निवासी मेंटेनेंस शुल्क देने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। सोसाइटी में रहने वाले लगभग 600 परिवार हर महीने करीब 2500 रुपये मेंटेनेंस शुल्क देते हैं। लोगों का आरोप है कि इतना शुल्क देने के बाद भी उन्हें अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में नगर निगम, बिल्डर और संबंधित विभागों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में दो से चार दिन तक कूड़ा नहीं उठाया जाता, जिससे गंदगी और बदबू फैलती है। इसके अलावा लिफ्टों के बार-बार बंद होने से बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, सुरक्षाकर्मियों की कमी के कारण निवासियों में चिंता बनी रहती है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने से वहां गंदगी रहती है। पीने के पानी की गुणवत्ता को लेकर भी कई बार शिकायतें दी गई हैं। उनका कहना है कि नियमित मेंटेनेंस शुल्क लेने के बावजूद अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। निवासियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।