महाराजा रणजीत सिंह मार्ग पर इन दिनों व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को इस मार्ग पर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत कर्मचारी हर 100 से 150 मीटर की दूरी पर सफाई कार्य करते हुए दिखाई दिए। अभियान के तहत सड़क और फुटपाथ पर जमी मिट्टी हटाने, झाड़-झंखाड़ साफ करने तथा सड़क किनारों पर जमा कचरे और मलबे को हटाने का कार्य किया गया। सफाई कार्य के दौरान कर्मचारी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सेफ्टी जैकेट पहनकर काम करते नजर आए। इससे न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हुई बल्कि व्यस्त सड़क पर यातायात के बीच कार्य करने में भी सुविधा मिली। कर्मचारियों ने फुटपाथों पर जमा धूल-मिट्टी को हटाकर मार्ग को साफ-सुथरा बनाने का प्रयास किया जिससे पैदल चलने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। सफाई के दौरान एकत्र किए गए कचरे, मिट्टी और झाड़ियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। इससे सड़क के किनारों पर गंदगी जमा होने की समस्या को दूर करने में मदद मिल रही है। वहीं आसपास मौजूद लोगों से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि नियमित सफाई से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और धूल व गंदगी से होने वाली परेशानियों में कमी आएगी। विशेष रूप से गर्मी और मानसून के मौसम में इस प्रकार की सफाई व्यवस्था सड़कों को बेहतर स्थिति में बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस सफाई अभियान से नालों में यह कचरा नहीं जाएगा और ये सूचारु रूप से पानी निकल पाएगा।