सेक्टर-56 स्थित जलवायु टावर्स की सर्विस लेन इन दिनों बदहाली का शिकार बनी हुई है। कुछ समय पहले बिजली विभाग और नगर निगम द्वारा क्षेत्र में बिजली की लाइन और पानी के पाइप डालने के लिए सड़क को खोदा गया था। संबंधित कार्य तो पूरा हो गया लेकिन इसके बाद सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। इसके चलते पूरी सर्विस लेन उबड़-खाबड़ रास्ते में तब्दील हो गई है। निवासियों के अनुसार हल्की बारिश होने पर ही सड़क पर पानी भर जाता है जिससे कीचड़ की स्थिति बन जाती है। इससे वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और सोसाइटी में रहने वाले लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर पानी जमा रहने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय दुकानदार प्रभू दयाल ने बताया कि संबंधित विभागों द्वारा लाइन बिछाने का कार्य काफी समय पहले पूरा कर लिया गया था। लेकिन सड़क को पहले जैसी स्थिति में नहीं लाया गया। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है यहां कीचड़ की स्थिति बनी रहती है जहां से निकल पाना किसी जंग से कम नहीं हैं। वहीं सोसाइटी निवासी पूरन वर्मा ने कहा कि सर्विस लेन की खराब हालत के कारण बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।