गुरुग्राम में बारिश का मौसम शुरू होते ही गुरुगमन सिटी बसों में ब्रेकडाउन की समस्या आने लगी है। सोमवार की सुबह करीब 8.30 बजे अग्रसेन चौक पर सिटी बस ब्रेकडाउन होकर खड़ी हो गई थी। बीच चौक पर बस खराब होने के कारण महावीर चौक से रेलवे रोड की तरफ जाने वाहनों को रास्ता नहीं मिल पाया। ऐसे में चौक पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। अग्रसेन चौक पर बस खराब होने के कारण अग्रवाल धर्मशाला चौक से आने वाले वाहन, महावीर चौक से अग्रसेन चौक आने वाहन और रेलवे रोड से अग्रसेन चौक की ओर आने वाले वाहन जाम में फंस गए। पीकओवर में जाम लगने के कारण लोगों को अपने कार्यालयों व नौकरी में जाने में परेशानी हुई। करीब आधे घंटे बाद ही बस को ठीक कराकर चौक से हटाया गया। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) द्वारा जिले में करीब 23 रूटों पर 150 सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। सिटी बसों के लो फ्लोर होने के कारण इनके इंजन, वायरिंग व प्लग सहित अन्य इलेक्ट्रिकल सिस्टम में पानी जाने से ब्रेकडाउन की समस्या आती है। सामान्य दिनों में जहां 4-5 बसें ब्रेकडाउन होती हैं, वहीं, बारिश के दौरान रोजाना करीब 15 सिटी बसें ही खराब होती हैं। बसों में खराबी आने से वह अपने निर्धारित समय पर बस स्टॉपेज पर नहीं पहुंच पाती।