हरियाणा के उद्योग, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि बढ़ता हुआ पर्यावरण प्रदूषण हम सभी के लिए चिन्ता का विषय है और सभी को प्रदूषण नियंत्रण के लिए अपना सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गे्रडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का दूसरा चरण लागू कर दिया गया है तथा इसके तहत लगाए गए प्रतिबंधों की पालना सभी को करनी चाहिए, ताकि हमें स्वच्छ वातावरण मिल सके। केबिनेट मंत्री ने उक्त विचार सोमवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शुरू की गई चार एंटी स्मॉग गन का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। इसके तहत सडक़ों की सफाई मैकेनाइज्ड करवाई जा रही है। इसके अलावा, धूल को उडऩे से रोकने के लिए सडक़ों व पेड़ों पर पानी का छिडक़ाव लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि ग्रैप नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं तथा प्रतिबंधित गतिविधियां करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है।