भैया दूज पर गुरुग्राम बस डिपो प्रबंधन की ओर से अतिरिक्त बसें नहीं चलाने से कई रूटों पर यात्रियों को आवागमन में थोड़ी परेशानी हुई। हालांकि रविवार को सभी रूटों पर निर्धारित समय पर रोडवेज व निजी बसों का संचालन जारी रहा। ऐसे में जिस रूट की बस काउंटर पर लगती थी, उसमें सवारियां बैठ जाती थी। भैया दूज पर महिलाओं ने अपने मायके व ससुराल आने-जाने के लिए बसों में सफर किया। वहीं, काफी संख्या में पुरुष यात्री भी भैया दूज पर्व पर अपनी बहनों के घर गए थे। रविवार को जींद, रोहतक, फतेहाबाद, भिवानी, सिरसा, हिसार, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और चंडीगढ़ रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा रही। रोडवेज कर्मचारियों का कहना था कि कई रूटों पर अधिक सवारियां आ रही हैं। रूट पर बस चलने के बारे में यात्रियों को जानकारी दी जाती है। ऐसे में यात्रियों को 10 से 15 मिनट तक बस चलने का इंतजार करना पड़ता है। ज्यादा भीड़ नहीं होने के कारण अतिरिक्त बसें चलाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। गुरुग्राम बस डिपो के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार अहलावत ने बताया कि दिवाली त्योहार पर ज्यादा सवारियां होने के कारण लगभग 30 अतिरिक्त बसें चलाई गई थी। भैया दूज पर ज्यादा सवारी बस अड्डा पर नहीं पहुंची, ऐसे में अतिरिक्त बसों का संचालन नहीं किया गया। सभी रूटों पर तय समय पर रोडवेज बसें रवाना होने से यात्रियों को परेशानी नहीं हुई।