टीलामोड़ थानाक्षेत्र के तुलसी निकेतन स्थित जीडीए के जनता फ्लैट का छज्जा गिरने से मलबे में दबकर मामा-भांजे की मौत के मामले में बृहस्पतिवार को परिवार वालों ने शव सड़क पर रखकर हंगामा किया। 14 मई की रात करीब आठ बजे जनता फ्लैट्स निवासी शबीना खान के फ्लैट का छज्जा भरभराकर गिर गया था। फ्लैट के नीचे संचालित किराना दुकान पर चावल खरीदने पहुंचे पड़ोस के ही रहने वाले आकाश उर्फ रिंकू (26) और वंश उर्फ लड्डू (3) की छज्जे के मलबे में दबकर मौत हो गई थी। इसके बाद से स्थानीय लोगों में भयंकर आक्रोश था। देर रात से ही परिजन और क्षेत्र के लोग फ्लैट मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। वहीं बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव जब परिजनों को सौंपे गए तब उन्होंने शव को एसीपी शालीमार गार्डन कार्यालय के बाहर बीच सड़क पर रखकर हंगामा कर दिया। लोगों ने शबीना खान को अपने बीच लाने की मांग रख दी। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों को समझाकर दोनों शव अंतिम संस्कार के लिए दिल्ली स्थित अशोक नगर श्मशान घाट भेज दिए गए हैं। मामले में कार्रवाई की जा रही है।