पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए 12 मोबाइल फोन और 520 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से बरामद मोबाइलों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है। एसीपी अजय कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान ग्राम दोसा बंजारपुर थाना भोजपुर निवासी 52 वर्षीय विनोद को गिरफ्तार किया गया, कब्जे से 12 चोरी के मोबाइल और 520 रुपये बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए चोर विनोद ने बताया कि वह हाइवे और सड़कों के किनारे सो रहे लोगों तथा राहगीरों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल और नकदी चोरी करता था। उसने स्वीकार किया कि उसके पास से बरामद एक एप्पल और एक ओप्पो मोबाइल, नकदी कुछ दिन पहले असालतनगर स्थित हनुमान मंदिर के बाहर सो रहे कांवड़ियों से चोरी किए थे। इसके अलावा बैग से मिले अन्य मोबाइल उसने मोदीनगर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे सो रहे लोगों और राहगीरों से चोरी किए थे। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी के मोबाइल राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देता था। इस बार अधिक मोबाइल एकत्र होने के कारण वह किसी दुकानदार की तलाश कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुरादनगर थाने में चोरी के दो मुकदमे, जीआरपी मुरादाबाद में आर्म्स एक्ट का एक मुकदमा, भोजपुर थाने में मारपीट का एक मुकदमा पहले से दर्ज है। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।