निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रविवार को कौशांबी स्थित सेंट टेरेसा स्कूल में विशेष बीएलओ कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में आसपास के चार बूथों के बीएलओ मौजूद रहे। कैंप में काफी संख्या में मतदाता पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। कैंप के दौरान नए मतदाताओं ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरा, जबकि जिन मतदाताओं के नाम, पता या अन्य विवरणों में त्रुटियां थीं, उनके सुधार के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया गया। बीएलओ ने मौके पर ही आवेदन स्वीकार कर मतदाताओं को प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान मतदाता और बीएलओ के बीच कहासुनी हो गई। मतदाता महेश मोहता का आरोप है कि वह दिसंबर महीने से ही अपनी बीएलओ रेखा के संपर्क में थे और फोन व व्हाट्सएप के जरिए उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारी पहले ही साझा कर दी थी। इसके बावजूद उन्हें यह स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई कि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल है या नहीं। महेश मोहता का कहना है कि उन्हें इसी असमंजस के चलते कैंप में बुलाया गया, जहां पहुंचने के बाद पता चला कि उनका नाम पहले से ही मतदाता सूची में दर्ज है और उन्हें फॉर्म-6 भरने की कोई आवश्यकता नहीं है। इस बात को लेकर वे नाराज हो गए और बीएलओ से उनकी कहासुनी हो गई। मतदाता ने बताया कि वह सीनियर सिटीजन हैं और उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक है। दूर से आने में उन्हें काफी परेशानी हुई। उनका आरोप है कि यदि पहले ही उन्हें सही जानकारी दे दी जाती तो उन्हें कैंप तक आने की जरूरत नहीं पड़ती। साथ ही उन्होंने बीएलओ के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई। हालांकि कैंप में मौजूद अन्य बीएलओ ने स्थिति को संभालते हुए मतदाता को समझाया और मामले को शांत कराया।