ईद-उल-अजहा पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। बुधवार शाम थाना प्रभारी अंकित कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर में पैदल मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पैदल मार्च बस अड्डे से शुरू होकर कस्बा रोड, सर्राफा बाजार, मैन बाजार, रावली रोड और चुंगी नंबर तीन तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस ने बाजारों में अतिक्रमण हटवाने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के चालान काटे गए, जबकि नियमों के विपरीत संचालित कुछ ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया। थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान शहर में अमन और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी क्रम में ओलंपिक तिराहा स्थित सर्राफा बाजार में लगाए गए पांच सीसीटीवी कैमरों का शुभारंभ भी किया गया। उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी।