मसूरी और डासना में राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती पर पुलिस द्वारा भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर मसूरी पुलिस के तत्वावधान में एक ऐतिहासिक एवं भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा सुबह 8 बजे थाना मसूरी परिसर से प्रारम्भ होकर एमजी मार्ग होते हुए गाजियाबाद सीमा तक निकाली गई। इस अवसर पर कमिश्नरेट ग्रामीण जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ थाना मसूरी प्रभारी अजय चौधरी व समस्त चौकी इंचार्ज, पुलिस बल, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यालयों के विद्यार्थी एवं अध्यापकगण उपस्थित रहे। पदयात्रा में आयशा पब्लिक स्कूल मसूरी के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने तिरंगे झंडे हाथों में लेकर “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से भर दिया। सभी प्रतिभागियों ने सरदार पटेल जी की प्रेरणादायक गाथा को याद करते हुए भारत की एकता, अखंडता और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया। डीसीपी सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि लौहपुरुष सरदार पटेल जी के अदम्य साहस और राष्ट्रप्रेम से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। आज का दिन हम सबको याद दिलाता है कि भारत की शक्ति उसकी एकता और विविधता में निहित है। उन्होंने मसूरी पुलिस टीम की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पदयात्रा पुलिस-जन सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला कदम है। राष्ट्रीय एकता दिवस के इस अवसर पर पुलिस और जनता के बीच जुड़ाव का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। पदयात्रा के दौरान पुलिस कर्मियों ने मार्ग सुरक्षा, अनुशासन और सहयोग का अद्भुत प्रदर्शन किया। स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” के जयघोष गूंजे और सभी ने लौहपुरुष सरदार पटेल जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वहीं वेव सिटी क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पद यात्रा निकालकर एकता का संदेश देते हुए। मसूरी क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वेव सिटी क्षेत्र में शुक्रवार 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर थाना वेवसिटी कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने सहायक पुलिस आयुक्त वेवसिटी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में "राष्ट्रीय एकता दिवस ” कार्यक्रम में पद यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस बल के अलावा सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्कूली छात्र छात्राओं व अध्यापकगणों ने प्रतिभाग किया।