सीएम योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को दिल्ली मेरठ मार्ग बसंतपुर सैंथली स्थित श्री तरुण सागरम् पारसनाथ अतिशय तीर्थं धाम में गुफा मंदिर का लोकार्पण करेंगे। बुधवार को कार्यक्रम स्थल का पुलिस कमिशनर जे रविन्द्र गौड व सीडीओ ने निरीक्षण कर जरुरी दिशा निर्देश दिए। दिल्ली मेरठ मार्ग पर गांव बसंतपुर सैतली में श्री तरूण सागरम् पारसनाथ अतिशय तीर्थ धाम स्थित है। तीर्थ धाम परिसर में 100 दिन के अंदर गुफा मंदिर का निर्माण कराया गया है। इसी के तहत तीर्थ धाम में 26 से 30 नवंबर तक पंच दिवसीय भगवान जन्म कल्याणक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व 108 प्रसन्नसागर जी महाराज गुफा मंदिर का उदघाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन को अधिकारी अलर्ट पर है। बुधवार को पुलिस कमिशनर जे रविन्द्र गौड ने डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी,एसीपी लिपि नगायच समेत अन्य विभाग के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण का आयोजकों को जरुरी दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा एनएसजी व फील्ड यूनिट टीम ने कार्यक्रम स्थल पर रिहर्सल भी किया। आईटीएस डेन्टल कॉलेज परिसर में हैलीपैड बनाया गया है। मुख्यमंत्री आईटीएस कॉलेज से कार द्वारा कार्यक्रम स्थल तक आएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन से दस मिनट पहले ही दिल्ली मेरठ मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाएगा। हैलीपेड व कार्यक्रम स्थल पर एनएसजी कंमाड़ों ने डेरा डाल दिया है। वहीं सीएम के कार्यक्रम को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई।