इंदिरापुरम के न्यायखंड-2 काला पत्थर रोड पर नाले की सफाई करने पहुंची नगर निगम के टीम की लापरवाही से हजारों लोगों की जान पर बन आई। जेसीबी से नाला सफाई के दौरान नीचे से गुजर रही आईजीएल की पाइपलाइन टूट गई और गैस लीकेज होने लगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाइन टूटते ही नगर निगम की टीम मौके से भाग खड़ी हुई। जबकि बाद में आईजीएल कस्टमर केयर पर फोन कर गैस की मेन लाइन बंद करवाई गई। मौके पर पहुंचे आईजीएल की टीम ने करीब चार घंटे में लाइन को दुरुस्त किया। इस दौरान इस इलाके में करीब दस हजार से अधिक घरों में चूल्हा नहीं जल सका। जिस जगह लाइन टूटी वह बाजार है और यहां सामने ही रेस्टोरेंट है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने निगम की टीम को यहां से आईजीएल लाइन गुजरने की बात बताई थी बावजूद इसके लापरवाही बरती गई और लोगों का जीवन संकट में डाला गया।