गाजियाबाद जिले के शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र स्थित डीएलएफ कॉलोनी निवासी भाजपा नेता पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंग गोस्वामी के घर बुधवार देर रात अचानक आग लग गई। आग के साथ तेज धमाके भी हुए। आग की लपटें तेज होने की वजह से परिवार बाहर नहीं निकल पाया। लोगों की मदद से पड़ोस के मकान में जाकर भाजपा नेता व उनका परिवार बाहर निकले। इसके बाद लोगों ने दमकल को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां गली में वाहन खड़े होने की वजह से मौके तक नहीं पहुंच पाईं। हौज पाइप डालकर टीम ने आग पर काबू पाया। भाजपा नेता ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से आग नहीं लगी है। दो दिन पहले ही उन्होंने दो चोर पकड़कर पुलिस को सौंपा था। बताया कि किसी व्यक्ति ने केमिकल डालकर घर में आग लगाई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि आग हादसे की जांच की जा रही है। वहीं एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तब उसे ट्रेस कर हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।