टीलामोड़ थानक्षेत्र स्थित तुलसी निकेतन चौकी के पीछे बने फ्लैट में 24 अक्तूबर की देर रात करीब 2:25 बजे आग लग गई। फ्लैट से निकलती आग की लपटों और धुएं को देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि जिस फ्लैट में आग लगी थी उसमें दो दिन पहले ही बुलंदशहर निवासी जाकिर अपनी पत्नी परवीन उर्फ पिंकी और छह साल की बेटी साइना परवीन को लेकर किराये पर रहने आये थे। सीएफओ ने बताया कि दमकल की टीम दरवाजा तोड़कर जब फ्लैट में पहुंची तब अंदर रखा फ्रिज आग की लपटों से घिरा हुआ था। खिड़की-दरवाजे खोलने पर घर के अंदर का धुआं कम हुआ। तब फर्श पर परवीन और उनकी बेटी साइना दोनों बेहोश मिले। दोनों को तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया कि फ्रिज की आग को बुझाकर कूलिंग का काम किया गया। आशंका है कि फ्रिज में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी।