घरेलू सिलिंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने पाइप लाइन मार्ग पर हंगामा करते जाम लगाया। आरोप है कि बुकिंग के बाद भी एजेंसी संचालक गैस नहीं दे रहे। लोगों ने एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप भी लगाया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। बह्रमपुरी कॉलोनी में मनन इंडेन गैस एजेंसी है और गोदाम पाइपलाइन मार्ग पर स्थित है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग करने के बाद भी गैस नहीं मिल रही है। जबकि डिलीवरी मैन उपभोक्ता से ओटीपी व डीसीए नंबर ले रहा है। इसके बाद भी सिलिंडर नहीं दे रहा है। सोमवार सुबह उपभोक्ता सिलिंडर लेने एजेंसी पर पहुंचे। लोगों की भीड़ लग गई। बताया कि करीब 10 बजे एजेंसी संचालक ने सिलिंडर न होने की बात बात कहकर गोदाम बंद कर दिया। इससे नाराज होकर उपभोक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पाइप लाइन मार्ग पर जम लगा दिया। आरोप है कि एजेंसी संचालक गैस नहीं दे रहे हैं l। जबकि गोदाम के पास एक दुकान से दो से तीन हजार रुपए के बीच ब्लैक में खुलेआम बिक रहा है। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए लोगों को शांत कराया। मोहित व एकता का आरोप है कि डिलीवरी मैंन ने हमसे ओटीपी ले लिया और सिलिंडर नहीं दिया। एसडीएम का कहना है कि बुकिंग के बाद सिलिंडर नहीं मिलने की जांच कराई जाएगी। आरोप सिद्ध होने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं एजेंसी संचालक ने आरोपों को निराधार बताया है।