गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर 4 स्थित नंदनी मेट्रो स्वीट सोसायटी के नौंवे तल पर स्थित फ्लैट में रहने वाले रेस्टोरेंट कारोबारी अजय गुप्ता (50) की अपने फ्लैट की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। हादसा सोमवार की शाम करीब 5 बजे हुआ। उस समय घर में उनका बड़ा बेटा ओम गुप्ता थे। नीचे गिरने की आवाज सुनकर दौड़े गार्ड ने उन्हें उठाया और अस्पताल भिजवाने के साथ-साथ पुलिस को सूचना दी। कौशांबी स्थित निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है। अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती पूछताछ में करीब 15 साल से कारोबारी के डिप्रेशन में होने और इलाज चलने की बात भी सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।