वसुंधरा निवासी इंजीनियर राजीव गुप्ता की पत्नी के गले से दो बाइक सवार चेन खींच ले गए। वारदात 11 अक्तूबर की है। सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज के साथ पुलिस पर भी आरोप लगाते हुए मैसेज वायरल हुआ। हांलाकि पुलिस ने आरोपों को गलत बताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वसुंधरा निवासी राजीव गुप्ता की पत्नी शनिवार सुबह करीब 6:26 बजे घर के बाहर खड़े होकर पानी का छिड़काव कर रही थीं। तभी पीछे से दो बाइक सवार उनके पास पहुंचे और गले में पड़ी चेन खींचकर भाग निकले। रोकने के लिए बबिता उनके पीछे भागीं लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर देर रात वारदात की सीसीटीवी कैमरा फुटेज तेजी से वायरल हुई। इस आठ सेकेंड की फुटेज में घर के बाहर खड़ी महिला दिखाई दे रही है। हेलमेट पहने दो बाइक सवार और चेन खींचते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वहीं फुटेज के साथ एक मैसेज भी वायरल हुआ।