फरीदाबाद जिले के प्रतिभाशाली पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी सुमित सहगल ने जिले के नाम एक और उपलब्धि जोड़ दी है। मध्य प्रदेश के इंदौर में चल रही राष्ट्रीय स्तरीय पैरा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में उन्होंने दो पदक अपने नाम कर लिए हैं। इनमें उन्होंने डबल्स इवेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है जबकि मिक्स्ड इवेंट में रजत पदक उनके नाम रहा है। वहीं सिंगल्स की व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में भी उन्होंने क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। उम्मीद है कि उसमें भी वह पदक अपने नाम करेंगे। बता दें कि सुमित इस प्रतियोगिता में सिंगल, डबल्स और मिक्स्ड तीनों ही कैटेगरी में भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। डबल्स और मिक्स्ड इवेंट में पदक जीतने के बाद अब अगर वह सिंगल्स में भी पदक जमाने में कामयाब होते हैं, तो सुमित और फरीदाबाद दोनों के लिए यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि होगी। सुमित ने बताया कि उन्होंने दोनों पदक बेहद आसानी से अपने नाम कर लिए हैं। अब व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में भी उनकी निगाहें स्वर्ण पदक पर हैं। बता दें कि इस प्रतियोगिता से पहले ही सुमित बेहद उत्साहित थे। इसका कारण इसी माह की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया में हुई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनका रजत पदक जीतना था। सुमित का मानना था कि भले ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वह स्वर्ण पदक ना जीत पाए हों, पर राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में वह चूकने वाले नहीं हैं। पिछले 30 दिनों में सुमित दो स्वर्ण और दो रजत सहित कुल चार पदक जीत चुके हैं।