फरीदाबाद शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में से बल्लभगढ़ बस अड्डा मार्केट में दुकानदारों को इन दिनों कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मार्केट में जलभराव, गंदगी, सड़कों पर घूमते लावारिस पशु और बदहाल शौचालयों की स्थिति ने व्यापारियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि हल्की सी बारिश के बाद भी सड़कों पर पानी भर जाता है, जिससे ग्राहकों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। जलभराव के कारण नालियों से गंदा पानी बाहर आकर सड़कों पर फैल जाता है। इससे जहां स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़े हैं, वहीं बाजार का वातावरण भी दूषित हो रहा है।