फरीदाबाद जिला नागरिक अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य के कारण इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को छुट्टियों के बाद अस्पताल खुलते ही मरीजों की संख्या बढ़ गई, जिससे पंजीकरण काउंटर से लेकर औषधालय तक लंबी कतारें लग गईं। निर्माण कार्य के चलते अस्पताल परिसर में जगह-जगह खुदाई होने से आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक दिक्कत दिव्यांग और बुजुर्ग मरीजों को हो रही है। औषधालय के बाहर लंबी कतार में खड़े होने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। गड्ढों और अव्यवस्थित रास्तों के कारण उन्हें सहारे के बिना चलना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं, पर्याप्त छाया की व्यवस्था न होने से मरीजों और उनके परिजनों को तेज धूप में खड़ा रहना पड़ रहा है।