फरीदाबाद जिले के सेक्टर 12 में 12 फरवरी से आयोजित किए गए राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह का बीते 18 फरवरी को समापन हो गया। हरियाणा राज्य उत्पादकता परिषद की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के समापन के अंतिम दिन पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया और कैसे हरियाणा में उद्योगों और एमएसएमई सेक्टर को मजबूत किया जाए, इस पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान जिले के आईएमटी के उद्यमियों ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि उत्पादकता सिर्फ कोई सिस्टम नहीं है बल्कि एक मानसिक स्थिति है, एक उद्यमी को सिर्फ कम से कम के बारे में नहीं सोचना चाहिए बल्कि सर्वश्रेष्ठ चीजों को अपने साथ सही मूल्य पर जोड़ना चाहिए, फिर भले वह कोई कर्मचारी हो या फिर कोई उत्पाद की वस्तु हो। यही सोच किसी भी संगठन को बड़ा बनाती है। इसके अलावा अन्य उद्यमियों ने कहा कि सभी उद्यमियों को एक-दूसरे से संपर्क में जरूर रहना चाहिए ताकि समय-समय पर एक दूसरे से अपने अनुभव और जोखिम साझा करके कैसे उनसे बचा जाए और क्या बेहतर किया जा सकता है, उस पर भी चर्चा हो सके।