फरीदाबाद में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने सेक्टर-12 में अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान शहर में गैस और ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारी, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप मालिक तथा कई गैस एजेंसियों के संचालक शामिल हुए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में गैस और ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। फरीदाबाद सहित पूरे प्रदेश में अब तक नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कमर्शियल गैस का कोटा 20 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी करने पर भी विचार किया जा रहा है। मंत्री ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।