फरीदाबाद में सराय ख्वाजा थाना इलाके में ट्रांसपोर्टर नवल की हत्या के मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी 35 साल का योगेंद्र यादव उर्फ योगी सराय ख्वाजा इलाके का ही रहने वाला है। अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने इसे नया पल्ला पुल के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 1 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। इससे पहले मामले में तीन आरोपियों योगेंद्र उर्फ गोलू, अभिजीत व विक्की उर्फ मोनू को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। सराय ख्वाजा थाना इलाके में 29 सितंबर की सुबह योगेंद्र के किराये के मकान में घायल हालत में ट्रांसपोर्टर नवल मिला था। परिवार वाले उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए तो मौत हो गई। मृतक की पत्नी सविता के बयान पर सराय ख्वाजा थाना में हत्या की एफआईआर दर्ज की गई।